उत्तर प्रदेश (औरैया) भारत 23 Jan (SPI) : जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने “मिशन समाधान” के तहत सरकारी भूमि, चकरोड, नाली/कूल, तालाब और आवासीय पट्टों सहित अन्य सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जों को हटाने और आपसी भूमि विवादों का समाधान सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
तहसील औरैया के ग्राम सिम्हारा में अधिकारियों ने तालाब की भूमि को माप-जोख कर कब्जामुक्त कराया। इसी प्रकार तहसील बिधूना के ग्राम इटैली में भूमि विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को संतुष्ट करते हुए नपती के आधार पर समस्या का समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध कब्जा हटाने और विवादों के निपटारे में पूरी निष्पक्षता और नियमों का पालन किया जाए, जिससे स्थाई समाधान सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी तरह के विवाद की स्थिति न बने।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कार्यवाहियों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा समाधान के बाद दोबारा विवाद उत्पन्न किया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और लेखपाल को निर्देश दिया गया कि “मिशन समाधान” को सतत रूप से जारी रखते हुए सरकारी भूमि, चकरोड, नाली/कूल, कृषि भूमि और ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जों के साथ-साथ आपसी भूमि विवादों का भी नियमानुसार स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, नायब तहसीलदार, लेखपाल, और राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।