औरैया, 24 मार्च 2025 – मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अवगत कराया कि “विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान” का आयोजन अप्रैल 2025 में किया जाएगा। इस अभियान का प्रथम चरण 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक दस्तक अभियान के रूप में चलेगा।
अभियान के सफल संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, जल शक्ति मिशन समेत विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा।
इस अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ. मनोज कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी / नोडल अधिकारी संचारी रोग, ने अभियान की कार्ययोजना एवं तैयारियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बैठक के दौरान विगत चरण की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले ब्लॉकों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी चरण में प्रभावी कार्ययोजना एवं नियमित पर्यवेक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी-अपनी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संपन्न करें। अभियान की नियमित समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।