औरैया, 17 सितंबर 2025।
मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 15 दिवसीय सेवा पर्व प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ सदर विधायिका श्रीमती गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया एवं भाजपा जिला प्रभारी आनंद कुमार सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।
प्रदर्शनी में न्यू इंडिया @2047 की परिकल्पना, प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के व्यक्तित्व व कृतित्व तथा उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को भव्य चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों और युवाओं ने योजनाओं व उपलब्धियों को दर्शाते पोस्टरों का अवलोकन किया और विकसित उत्तर प्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट हेतु अपने सुझाव भी साझा किए।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तीकरण, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार सहित शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।
जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि यह प्रदर्शनी 2 अक्टूबर तक आमजन के लिए प्रतिदिन खुली रहेगी। उन्होंने इसे प्रेरणा का माध्यम बताते हुए कहा कि यहां से लौटते समय लोग न केवल योजनाओं की जानकारी लेकर जाएंगे, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की भावना भी उनके साथ होगी।
प्रदर्शनी का सेल्फी प्वाइंट युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में आगंतुक यहां तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर जन-जागरूकता अभियान का संदेश भी प्रसारित कर रहे हैं।
सदर विधायिका श्रीमती गुड़िया कठेरिया ने सुझाव पुस्तिका में “अति उत्तम”, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने “सर्वोत्तम” टिप्पणी अंकित की। वहीं, भाजपा जिला प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने लिखा— “गांव की पगडंडी से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक, शानदार सफर का जीवन चित्रण है यह प्रदर्शनी।”
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, जिला सूचना अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी, भाजपा जिला मंत्री विशाल शुक्ला, भाजपा नेता नितिन अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।