औरैया, 24 सितम्बर 2025।
मा0 राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग) एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने ब्लाक सदर की न्याय पंचायत नसीराबाद में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित महिला शक्ति सम्मेलन एवं शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने मौके पर शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों का नियमित भ्रमण कर पात्र लोगों का पंजीकरण कराया जाए ताकि कोई भी लाभ से वंचित न रह जाए।
राज्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा,
“यदि लक्ष्य मजबूत होगा तो सफलता निश्चित है। कठिनाइयाँ आएंगी, भ्रम पैदा किए जाएंगे, लेकिन हमें आत्मविश्वास बनाए रखना है। शिक्षा से बौद्धिक विकास होता है और अच्छे-बुरे की पहचान होती है। अनुशासन, मेहनत और सेवा ही सच्चा धर्म है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि,
> “जब महिला सशक्त होगी तभी परिवार स्वस्थ रहेगा। आज के स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं ने निशुल्क जांच कराई है। जिनका टेस्ट नहीं हुआ है, वह अवश्य कराएं – चाहे बीमार हों या नहीं।”
विधायिका ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने महिलाओं की चिंता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अब हमारी बेटियाँ पूरे प्रदेश में आत्मविश्वास से आगे बढ़ रही हैं, इसके लिए सरकार बधाई की पात्र है।
जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा सबसे पहला कदम है। अच्छी शिक्षा के बाद वे अपने रुचि अनुसार कार्यक्षेत्र का चुनाव कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिला थाने, महिला पुलिस बल की तैनाती जैसे ठोस कदम उठाए गए हैं ताकि महिलाएं किसी भी दुर्व्यवहार की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान:
मा0 राज्यमंत्री द्वारा स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई।
बेटियों का सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया, जिससे बालिका सशक्तिकरण का संदेश समाज में प्रसारित हुआ।
सम्मेलन के उपरांत मा0 राज्यमंत्री ने सदर बाजार का भ्रमण कर व्यापारियों को जीएसटी 2.0 प्रणाली के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नई जीएसटी प्रणाली से करों की दरों में कमी आई है, जिससे आमजन को अधिक लाभ होगा।
8
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।