औरैया, 08 मार्च 2025 – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ककोर मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, और उन्हें समाज में समान सम्मान एवं अधिकार मिलना जरूरी है।
राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में कुछ लोग अभी भी महिलाओं के साथ भेदभाव करते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए निरंतर काम कर रही है। जब महिलाओं को सम्मान मिलेगा, तो समाज और देश का विकास तेज़ी से होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में असंभव को संभव कर दिखाया है, और अब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
इस अवसर पर, राज्यमंत्री ने 11 बालिकाओं के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा, उन्होंने 147 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र और 7 दिव्यांग महिलाओं को ट्राई साइकिल वितरित की। साथ ही, दो गर्भवती माताओं की गोद भराई और दो नवजात शिशुओं को अन्नप्राशन भी कराया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता और भाजपा जिला प्रभारी आनंद सिंह ने भी अपने संबोधन में प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों पर चर्चा की और महिलाओं की अहम भूमिका को स्वीकार किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, अपर जिलाधिकारी महेन्द्र पाल सिंह और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।