औरैया, 01 अगस्त 2025 – यमुना नदी के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि के मद्देनज़र जनपद औरैया के ग्राम अस्ता में संभावित बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए सदर विधायिका श्रीमती गुड़िया कठेरिया, जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ के प्रभाव से संभावित जल भराव क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामवासियों को प्रशासन की ओर से राहत सामग्री किट एवं भोजन के पैकेट वितरित किए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव में निरंतर निगरानी बनाए रखें और किसी भी स्थिति से निपटने हेतु पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम में भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान सदर विधायिका ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ राहत और बचाव कार्यों के तहत हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। यदि जल स्तर और अधिक बढ़े तो लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लें ताकि जनहानि व पशुहानि से बचा जा सके।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री अविनाश चंद्र मौर्य, उप जिलाधिकारी सदर श्री राकेश कुमार, लेखपाल, ग्राम प्रधान, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



