जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एवं मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में “विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान” के अन्तर्गत मिडराउण्ड समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। यह अभियान अप्रैल 2025 माह में दो चरणों में संचालित किया जा रहा है – प्रथम चरण: 01.04.2025 से 30.04.2025 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा द्वितीय चरण: 10.04.2025 से 30.04.2025 तक दस्तक अभियान।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज/ग्राम विकास विभाग, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, सूचना, उघान, औषधि प्रशासन विभाग, जल शक्ति मिशन आदि विभागों की सहभागिता एवं समन्वय से गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
बैठक में डब्ल्यू.एच.ओ. द्वारा की गई पर्यवेक्षण समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिन ब्लॉकों की उपलब्धियाँ अपेक्षित स्तर से कम रहीं, उन्हें शेष दिवसों में सभी कार्य पूर्ण कर शत-प्रतिशत उपलब्धियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अन्यथा की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक
उक्त बैठक के उपरांत जनपद स्तरीय स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, औरैया ने जानकारी दी कि डिप्थीरिया के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए शासन के निर्देशानुसार दिनांक 24.04.2025 से 10.05.2025 तक 10 वर्ष एवं 16 वर्ष आयु (कक्षा 5 एवं कक्षा 10) के बच्चों का टी.डी. टीकाकरण स्कूलों में किया जायेगा।
ब्लॉक स्तर पर सभी तैयारियाँ पूर्ण कर कार्ययोजना बना ली गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि टीकाकरण सत्र के एक दिन पूर्व प्रधानाध्यापकों को अवगत कराते हुए टीकाकरण कक्ष, बैठने की व्यवस्था, पानी, गर्मी से बचाव आदि सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ।
टीकाकरण दिवस पर कक्षा 5 व कक्षा 10 के सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कर लक्षित बच्चों को टी.डी. टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा।