जिलाधिकारी डा० इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा० भानु प्रताप सिंह को सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी। उन्होंने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवामुक्त होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। हर कर्मचारी को एक दिन सेवानिवृत्त होना होता है, लेकिन जब यह सेवानिवृत्ति बेदाग और सम्मानपूर्वक हो, तो वह क्षण अत्यंत सुखद और प्रेरणादायक बन जाता है। डा० भानु प्रताप सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान विभागीय विकास कार्यों को गति दी और हर छोटे-बड़े कर्मियों को सम्मान प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि डा० सिंह ने अपने सेवा काल के अंतिम दिन तक अपने दायित्वों को सरलता और सहजता से निभाया। उनके नेतृत्व में विभाग ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं।
मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने संबोधन में डा० भानु प्रताप सिंह के कार्यों की सराहना की और उनके स्वस्थ, समृद्ध एवं सुखद भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण भावुकता और सम्मान से परिपूर्ण रहा।