औरैया, 27 फरवरी 2025 – उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती पूनम द्विवेदी ने महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं से उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी महिला द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो उसे पूरी गंभीरता से सुना जाए और शीघ्र कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए।
श्रीमती पूनम द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और इसके लिए ‘मिशन शक्ति’ अभियान चलाया जा रहा है ताकि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वे महिलाओं और बालिकाओं की छोटी-बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करें, जिससे उन्हें न्याय पाने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।
सदस्या ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090, 181, 1076, 112, 102, 1930, 101, 1098, 108 जैसे टोल-फ्री नंबरों का संचालन कर रही है। यदि किसी महिला या बालिका का मान-सम्मान ठेस पहुंचता है, तो वे इन नंबरों पर शिकायत कर सकती हैं। समय पर न्याय न मिलने की स्थिति में राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जहां से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को निश्चित रूप से न्याय मिलेगा।
इस दौरान कुल 05 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। महिला थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला प्रोबेशन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारी:
- जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार
- क्षेत्राधिकारी सदर महेंद्र प्रताप सिंह
- महिला थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी