औरैया, 30 मार्च 2026/ — जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की मिलावटखोरी न होने पाए। उन्होंने मिलावट करने वालों को चिन्हित कर उन पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम आम जनता और विद्यालयों में अनिवार्य रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र बिना खाद्य पंजीकरण के संचालित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का खाद्य पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है और इसे शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।

इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को न्यायालय में लंबित मामलों पर प्रभावी पैरवी करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आयुक्त (खाद्य), मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, वरिष्ठ निरीक्षक बाट एवं माप विज्ञान तथा अधिशासी अधिकारी औरैया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



