दिबियापुर/औरैया, 10 जून 2026

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंगलवार को गेल विहार, दिबियापुर स्थित औरैया रोड खंड-1/2 में राज्य कर विभाग के तत्वावधान में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए गए प्रमुख सुधारों, नई पंजीकरण व्यवस्था तथा व्यापारियों के लिए उपलब्ध विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर इटावा जोन एच.पी. राव दीक्षित एवं संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) इटावा संभाग इटावा बृजेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त राज्य कर औरैया प्रदीप कुमार ने की।
कार्यक्रम में जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, समाधान योजना, जीएसटी 2.0 सुधारों के लाभ, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, ईंट भट्ठा उद्योग से प्राप्त राजस्व सहित विभिन्न कर संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को GST Registration Rule 14A के अंतर्गत सरलीकृत एवं त्वरित पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी दी। बताया गया कि आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से पात्र करदाताओं को शीघ्र एवं सरल पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायक आयुक्त शिवशंकर चौरसिया ने नए पंजीकरण नियमों की जानकारी दी, जबकि सहायक आयुक्त जय सिंह यादव ने निल रिटर्न फाइलिंग, नॉन-फाइलर मामलों तथा पोर्टल से संबंधित व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की बीमा राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये किए जाने की मांग रखी। वहीं ईंट भट्ठा संचालकों ने समाधान योजना को पुनः लागू करने तथा सचल दल द्वारा बाजारों में छोटे व्यापारियों की अनावश्यक जांच न किए जाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर राज्य कर अधिकारी विजय शंकर दीक्षित, जसवंत सिंह, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
SPI


