औरैया, 29 जून। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप एवं राज्य कर विभाग के निर्देशानुसार सोमवार को मानस सभागार, कलेक्ट्रेट मुख्यालय औरैया में भामाशाह जयंती के अवसर पर “व्यापारी कल्याण दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री अनूप कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा दानवीर भामाशाह के जीवन एवं राष्ट्रसेवा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। वक्ताओं ने भामाशाह के राष्ट्रहित में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए व्यापारियों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिले के 10 सर्वोच्च करदाता व्यापारियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें गेल इंडिया लिमिटेड के जीएम जिले के सर्वोच्च करदाता के रूप में सम्मानित हुए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपायुक्त श्री प्रदीप कुमार, सहायक आयुक्त राज्य कर श्री शिवशंकर चौरसिया, श्री जय सिंह यादव, श्री पंकज कुमार पांडेय, राज्य कर अधिकारी श्री विजय शंकर दीक्षित, श्री ज्ञानेंद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



