बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मृति पखवाड़ा के अंतर्गत जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक है तथा उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लगातार 12 वर्षों में जनकल्याण और विकास के अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश के अनेक राज्यों में भाजपा की सरकारें जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं।
श्री पाण्डेय ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे कम आयु में ही कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति बने और बाद में राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हुए। उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को राष्ट्र की एकता और अखंडता की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रखर राष्ट्रवादी, विद्वान शिक्षाविद् और कुशल कानूनविद् थे। उनका जीवन देशभक्ति और जनसेवा के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमजीत सिंह, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर जगदीश रामू रोहरा, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, महापौर पूजा विधानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


