बिलासपुर, 11 जुलाई। समाज कल्याण विभाग की पहल से मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल ने जिले के दो दिव्यांग हितग्राहियों के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद जगाई है। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम जयरामनगर-खैर की बृहस्पति साहू और कोटा विकासखंड के ग्राम बछलीखुर्द निवासी विष्णु सिंह राजपूत अब अपने दैनिक कार्य और व्यवसाय स्वयं संचालित कर रहे हैं।
फल विक्रेता बृहस्पति साहू के लिए पहले दुकान तक फल पहुंचाना और बाजार से सामान लाना बड़ी चुनौती थी। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद अब वे बिना किसी सहायता के अपने सभी कार्य आसानी से कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उनके लिए नई जिंदगी की तरह है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे अपने व्यवसाय को पहले से अधिक सुगमता से संचालित कर सकेंगी।
वहीं बछलीखुर्द निवासी विष्णु सिंह राजपूत, जो जनरल स्टोर का संचालन करते हैं, पहले दुकान के लिए आवश्यक सामान लाने में दूसरों पर निर्भर रहते थे। अब ट्राईसाइकिल मिलने के बाद वे स्वयं बाजार जाकर सामग्री खरीद रहे हैं। उनका कहना है कि यह सुविधा उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर देने के साथ उनके व्यवसाय को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
समाज कल्याण विभाग की यह पहल केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन के साथ जीवन जीने की नई दिशा भी दे रही है। जिले में ऐसे अनेक हितग्राहियों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।


