औरैया, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के “वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” अभियान के तहत रविवार को जनपद औरैया में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास खंड भाग्यनगर के नियामतपुर बिहारी में उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के सचिव गुर्राला श्रीनिवासुलू तथा जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान आमजन से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया गया।

नोडल अधिकारी गुर्राला श्रीनिवासुलू ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने की नियमित निगरानी भी की जाए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। लोगों को जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्मृति दिवस तथा अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर आमजन को पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


